इस्लामपुर (नालंदा) के सेखली गांव में सोमवार रात एक तिलक समारोह के दौरान भोजपुरी अभिनेता सह गायक खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में भीड़ बेकाबू हो गई। उनके आने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि आयोजकों के इंतजाम कम पड़ गए। बैठने और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी होने लगी।

अपने चहेते कलाकार को करीब से देखने की होड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए। अव्यवस्था से नाराज दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने में पुलिस व सुरक्षाकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी।

थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। हालांकि, अनुमान से कहीं अधिक भीड़ जुटने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान कुछ दर्शकों ने कुर्सियां भी तोड़ दीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।