जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन में फेरबदल करते हुए कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव सह विधान परिषद सदस्य आफाक अहमद खान ने इसकी सूचना जारी की। अलग-अलग राज्यों में संगठन मजबूत करने के उद्देश्य से प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठों और राष्ट्रीय मीडिया टीम में भी बदलाव किए गए हैं।

संगठनात्मक बदलाव के तहत वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार उत्तर प्रदेश के प्रभारी बने रहेंगे। पूर्व मंत्री श्याम रजक को महाराष्ट्र और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा को ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है। अनिल हेगड़े को उत्तर-पूर्व का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव रामसेवक सिंह को झारखंड और हर्षवर्धन सिंह को गोवा का प्रभारी बनाया गया है। इन नेताओं को संबंधित राज्यों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने संगठन में सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा है। अशोक राम को अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी को अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान को महासचिव के साथ मुख्यालय, उत्तर-पूर्व और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला संगठन को मजबूत करने के लिए पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां प्रवीण को महिला विंग की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने अपनी मीडिया टीम का भी विस्तार किया है। निखिल मंडल, कोमल सिंह और शालिनी मंडल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट बनाया गया है, जिनके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने और संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। जदयू के इस फेरबदल को बिहार से बाहर दूसरे राज्यों में पार्टी का आधार मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। खासकर महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, गोवा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति के जरिए संगठन को सक्रिय करने की कोशिश की गई है। अब नई जिम्मेदारी पाने वाले नेताओं के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी का विस्तार करने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की चुनौती होगी।