जीरकपुर (मोहाली) के गांव विजनपुरा निवासी जतिंदर शर्मा ने 500 रुपये की दीपावली बंपर लॉटरी से 50 लाख रुपये का इनाम जीता है। जतिंदर शर्मा ने बताया कि दीपावली पर रिश्तेदारों को शुभकामनाएं देकर वह अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शौकिया तौर पर किस्मत आजमाने का फैसला किया और लोकेश लॉटरी की दुकान से दो टिकट खरीदे। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इनमें से एक टिकट उनकी जिंदगी में इतनी बड़ी खुशी लेकर आएगा।
16 नवंबर को लोकेश लॉटरी के संचालकों ने फोन करके जतिंदर शर्मा को बताया कि उनकी टिकट नंबर 808062 पर 50 लाख रुपये का इनाम निकला है। इतनी बड़ी रकम जीतने की बात सुनकर पहले तो वह घबरा गए, लेकिन टिकट नंबर की पुष्टि होने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने दुकान संचालकों से कहा कि वह पहले घर में पूजा करेंगे और उसके बाद दुकान पहुंचेंगे। पूजा-अर्चना करने के बाद जब वह लॉटरी की दुकान पहुंचे तो ढोल बजाकर उनका स्वागत किया गया।
जतिंदर शर्मा ने बताया कि वह इनामी राशि का उपयोग अपने दोनों बेटों की पढ़ाई-लिखाई और बेहतर भविष्य के लिए करेंगे। इसके अलावा माता-पिता की सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता को भी प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि परमात्मा की कृपा से मिली इस खुशी में समाज के जरूरतमंद लोगों को भी भागीदार बनाना चाहते हैं। वह अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य और सामाजिक कार्यों में भी योगदान देंगे।
