पहले संयुक्त परिवार का मतलब एक ही छत के नीचे दादा-दादी, माता-पिता और बच्चों का साथ रहना होता था। अब शहरों में इसका नया स्वरूप दिख रहा है, जिसमें बेटा-बहू और बच्चे एक फ्लैट में तथा माता-पिता उसी सोसाइटी की दूसरी मंजिल या बगल की बिल्डिंग में रहते हैं। जरूरत पड़ने पर वे कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे के पास पहुंच सकते हैं, लेकिन खाने, खर्च, मेहमानों और दिनचर्या के फैसले अपने हिसाब से लेते हैं। महंगे मकान, बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों की सुरक्षा और निजी जिंदगी की चाह ने परिवार के इस नए मॉडल को जन्म दिया है।
बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रहने वाले अमित और नेहा दोनों नौकरी करते हैं। वे उसी हाउसिंग सोसाइटी में रहते हैं, जहां अमित के माता-पिता का फ्लैट है। उनकी बेटी अन्वी स्कूल से लौटने के बाद दादा-दादी के साथ रहती है और शाम को अमित और नेहा उसे अपने घर ले आते हैं। तीज-त्योहार वे मिलकर मनाते हैं और वीकेंड पर खाना भी साथ खाते हैं। अमित-नेहा जैसे कई कपल उसी सोसायटी या बिल्डिंग में अलग फ्लैट में रहते हैं, जहां उनके माता-पिता रहते हैं।
इस व्यवस्था में बच्चों को दादा-दादी से पारिवारिक संस्कार और भावनात्मक सुरक्षा मिल सकती है तथा बुजुर्गों का अकेलापन घटता है। लेकिन दो घरों का रखरखाव, मकान की ईएमआई और घरेलू जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। पास रहने के बावजूद नियमित बातचीत न हो तो भावनात्मक दूरी बनी रह सकती है। हेल्पएज इंडिया की रिपोर्ट इंडिया इंटरजनरेशनल बॉन्ड्स के अनुसार, बुजुर्गों और युवाओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव में साथ रहने की अहम भूमिका है, लेकिन केवल भौगोलिक नजदीकी नहीं, रोजमर्रा का संपर्क भी जरूरी है।
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और फैमिली काउंसिलर डॉ. काकोली रॉय के अनुसार, पहले घर और परिवार दोनों बड़े होते थे, इसलिए बड़े-बुजुर्गों का दखल उतना ज्यादा नहीं होता था, लेकिन अब छोटे घरों में यह संभव नहीं है। इसलिए लड़ाई-झगड़े से बेहतर है कि एक कैम्पस में अलग-अलग रहा जाए। बदलते समय के साथ यह संयुक्त परिवार का नया रूप है, जिसमें माता-पिता की देखभाल और उनसे नजदीकियां भी हैं, लेकिन जीवन में बहुत ज्यादा दखल नहीं है।
