उत्तर प्रदेश में अगले दो दशकों में ग्रामीण और शहरी भू-भाग का स्वरूप बड़े पैमाने पर बदलने का अनुमान है। ‘विकसितयूपी@2047’ विजन डॉक्यूमेंट के मुताबिक राज्य का शहरी क्षेत्र अभी 24.54 प्रतिशत है, जो बढ़कर 60 प्रतिशत हो सकता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र 75.46 प्रतिशत से सिमटकर 40 प्रतिशत पर आने की संभावना है। इसके साथ ही वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को छह ट्रिलियन डॉलर के आकार देने का लक्ष्य रखा गया है।
विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार आगामी 20 वर्षों में दुनिया के शीर्ष 100 शहरों में प्रदेश के तीन शहरों को शामिल कराने का लक्ष्य है। शहरों के विस्तार के साथ क्षेत्र आधारित आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसमें बुनियादी ढांचे, आवास, परिवहन और औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान रहेगा। वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज सहित छह क्षेत्रीय आर्थिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिये विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, कृषि तकनीक और वेलनेस क्षेत्रों को मजबूत किया जाएगा। लखनऊ को केंद्र में रखकर राज्य राजधानी क्षेत्र को मॉडल महानगरीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
सभी शहरी क्षेत्रों में जीआईएस सक्षम मास्टर प्लान लागू किए जाएंगे, जिनसे मिश्रित भूमि उपयोग, सार्वजनिक परिवहन केंद्रित विकास, डिजिटल एकीकरण और जलवायु अनुकूल शहरी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा। विकसित भूखंडों का बैंक बनाया जाएगा तथा बुनियादी ढांचे और किफायती आवास के लिए जमीन आरक्षित की जाएगी। नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी और विरासत आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
जाम और प्रदूषण घटाने के लिए एकीकृत परिवहन नेटवर्क बनाया जाएगा। मेट्रो, रैपिड रेल, इलेक्ट्रिक बसों और ईवी कनेक्टिविटी का विस्तार होगा तथा यातायात प्रबंधन में एआई और रियल टाइम ट्रैकिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। दिल्ली-लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी और लखनऊ-अयोध्या को जोड़ने वाले हाई स्पीड रेल नेटवर्क की योजना प्रस्तावित है, वहीं एनसीआर में आर्बिटल रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा। झुग्गी मुक्त उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के तहत किफायती आवास बढ़ाए जाएंगे और आवासीय योजनाओं में हरित भवन तथा गर्मीरोधी सामग्री जैसी तकनीक शामिल होगी। सभी जिलों में कम से कम एक शहरी विकास प्राधिकरण स्थापित करने तथा नागरिक सेवाओं के 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण का प्रस्ताव भी है। शहरीकरण से कृषि भूमि कम होने की चुनौती से निपटने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए भी रोडमैप बनाया गया है।
