नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर बताया है। मार्च में पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है। नेपाल में राजशाही खत्म होने के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री की सरकार स्पष्ट बहुमत से सत्ता में आई है, जिसे दोनों देश इस दौरे के लिए उत्साह की वजह मान रहे हैं।
रविवार को दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बालेन शाह से मुलाकात की। उनके आगमन पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा में रिश्तों की मजबूती सबसे बड़ा एजेंडा होगा। नेपाल में कुछ समय पहले बाढ़ से भारी तबाही हुई थी, जिसमें भारत ने राहत कार्य में मदद की थी। संभावना है कि भारत नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए बड़े पैकेज का ऐलान कर सकता है।
सूत्रों के अनुसार, हाल में भारत ने अग्निवीरों को स्थायी करने का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि नेपाल फिर से गोरखाओं की सेना में भर्ती को मंजूरी दे सकता है। अग्निपथ योजना शुरू होने के बाद से नेपाल में भारतीय सेना के दोनों भर्ती केंद्र बंद हैं। नेपाल सरकार पर इस मामले को लेकर घरेलू दबाव भी है। मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि इस यात्रा के एजेंडे में सीमा विवाद पर चर्चा शामिल नहीं है, क्योंकि ऐसे विवादों के समाधान के लिए दोनों देशों के बीच अधिकारियों का तंत्र स्थापित है।
दिल्ली विवि के प्रोफेसर और विदेश मामलों के विशेषज्ञ सुधीर सिंह ने कहा कि नेपाल और चीन के बीच संबंधों में तल्खी के बीच यह यात्रा भारत के लिए महत्वपूर्ण है और PM मोदी तथा बालेन शाह की बैठक से चीन को संदेश मिल सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल की अर्थव्यवस्था भारत से जुड़ी है, इसलिए मजबूत रिश्ते जरूरी हैं। इस बीच, सोमवार को अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन होगा। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन को इस मौके के लिए सजाया गया है। स्पेशल ट्रेन नंबर 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और PM मोदी तथा बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
