कालिंजर दुर्ग में नौवीं सदी से लगने वाला ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला इस वर्ष 23 से 27 नवंबर तक चलेगा। यह मेला भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव के रूप में लगता है। मान्यता है कि भगवान शिव और माता पार्वती के बड़े पुत्र कार्तिकेय का जन्म कार्तिक मास की पूर्णिमा को हुआ था। इस वर्ष पूर्णिमा 24 नवंबर को है। श्रद्धालु 23 नवंबर की रात दुर्ग पर विश्राम करते हैं और सुबह दुर्ग के तालाबों में स्नान कर भगवान नीलकंठ, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना करते हैं। मेले में 26 नवंबर को विशाल दंगल का आयोजन होगा।

बांदा जिले का कालिंजर दुर्ग अपनी अजेयता, कला धरोहर, वास्तु और मूर्तिकला के लिए अद्वितीय माना जाता है। इसे चंदेलों के आठ प्रमुख दुर्गों में गिना जाता है। यह दुर्ग तीन स्तरों की मोटी प्राचीरों से घिरा है और भगवान नीलकंठ यहां के प्रमुख देवता हैं। इतिहासकारों के अनुसार पद्मपुराण में उल्लेख है कि समुद्र मंथन से निकले विष का पान करने के बाद भगवान शंकर को कालिंजर किले में शांति मिली थी, तभी से वे नीलकंठेश्वर कहलाए। पद्मपुराण में यह भी कहा गया है कि कार्तिक पूर्णिमा पर यहां रात्रि विश्राम कर जलाशयों में स्नान और भगवान नीलकंठ का जलाभिषेक करने वालों को एक करोड़ गोदान का पुण्य मिलता है।

कालिंजर प्रधान दयाराम सोनकर के अनुसार मेले में सफाई और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था कर दी गई है। भारतीय पुरातत्व विभाग ने दुर्ग में लगने वाले शुल्क में 24 और 25 नवंबर को दो दिनों की छूट दी है। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और जन सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

दूसरी ओर, दुर्ग की तलहटी में लगने वाले मेले में बाहर से आए दुकानदारों को इस बार दुकानें सजाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है और सफाई भी स्वयं करनी पड़ रही है। मेला परिसर में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। विद्युत विभाग ने लाइट के खंभों पर मर्करी लाइटें लगा दी हैं और दुर्ग के ऊपर भी लाइटें लगाई गई हैं, लेकिन दुर्ग के ऊपर भी पेयजल की समस्या बनी हुई है। शिव के भक्त अब कालिंजर में रात्रि विश्राम कर सुबह दुर्ग के तालाबों में स्नान कर भगवान नीलकंठ महादेव और माता पार्वती के दर्शन के लिए आने लगे हैं।