पश्चिम बंगाल सरकार बीसीसीएल की प्रस्तावित कल्याणेश्वरी परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। शुक्रवार को दुर्गापुर स्थित सृजनी आडिटोरियम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में बीसीसीएल और ईसीएल के सीएमडी के साथ उच्चस्तरीय प्रशासनिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परियोजना के रास्ते में आने वाली भूमि और पुनर्वास संबंधी अड़चनों को दूर करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को परियोजना की रूपरेखा और आवश्यकताओं से अवगत कराया। परियोजना में 25 वर्षों तक सालाना 40 लाख टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य है, साथ ही कोल वाशरी और विद्युत संयंत्र भी स्थापित किए जाने हैं। अनुमान के मुताबिक इससे करीब 1800 लोगों को प्रत्यक्ष और 18 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। पहले चरण में राज्य सरकार को लगभग 7,000 करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना है।

बैठक में परियोजना के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता प्रमुख विषयों में रही। डीइटी लैंड और सरकारी जमीन से जुड़े मामलों के समाधान पर अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। परियोजना क्षेत्र में आने वाली तेतुल धोवड़ा और मुच्ची पाड़ा बस्तियों के स्थानांतरण का मुद्दा भी उठाया गया। सीएमडी अग्रवाल ने भूमि हस्तांतरण, प्रभावित बस्तियों के पुनर्वास और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहयोग की आवश्यकता बताई। बैठक में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

बैठक में ईसीएल के सीएमडी सतीश झा भी मौजूद रहे। उन्होंने बसरा भूमिगत खदान को चालू करने में आ रही बाधाओं का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उनके मुताबिक बसरा खदान में 25 वर्षों की 50 मिलियन टन कोयला उत्पादन क्षमता वाली परियोजना प्रस्तावित है, लेकिन एक समूह की ओर से कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है। सतीश झा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और परियोजना के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में रानीगंज मास्टर प्लान से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।