कनीना (महेंद्रगढ़) के बस स्टैंड पर रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर रोजाना लंबा जाम लग रहा है, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड के आसपास दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। पहले से व्यस्त इस मार्ग पर वाहनों का दबाव और अतिक्रमण मिलकर जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। वाहन चालकों को निकलने में मशक्कत करनी पड़ती है और पैदल यात्रियों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती नहीं है और अतिक्रमण के खिलाफ भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिक डॉ. अजीत शर्मा, सुनील, दिनेश और महेश ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में अव्यवस्थित यातायात के कारण आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है और कई बार पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

नागरिकों ने मांग की है कि बस स्टैंड पर नियमित पुलिसकर्मियों की तैनाती हो, दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया जाए और यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए। सवाल यह है कि जब समस्या रोजाना सामने आ रही है तो प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा।