कांकेर में राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी को एसीबी ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के बदले उन्होंने दो लाख रुपये मांगे थे। राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है और जमानत न मिलने पर वह जेल में हैं।

एसीबी की कार्रवाई के दौरान अंचला गिरी ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी, जिसे एसीबी ने बरामद कर लिया। रिश्वत की डील कराने के आरोप में सीए इमरान मेमन भी गिरफ्तार हुए हैं। जमानत नहीं मिलने पर दोनों जेल में हैं।

बताया जाता है कि अंचला गिरी अंबिकापुर जिले में कलेक्टर बंगले के पास रहती थीं और बचपन से अधिकारियों को सरकारी गाड़ियों में आते-जाते देखती थीं। सीजीपीएससी-2021 में 21वीं रैंक हासिल कर वह पहले लेखा अधिकारी बनीं और बाद में राज्य कर सहायक आयुक्त के पद तक पहुंचीं। उनके पिता आबकारी विभाग में आरक्षक और मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की शतरंज खिलाड़ी भी रही हैं।

कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज रायपुर और कांकेर, दोनों मामलों के शिकायतकर्ता हैं। करीब 10 महीने पहले उनकी शिकायत पर रायपुर में जीएसटी के दो निरीक्षकों के खिलाफ भी एफआईआर हुई थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अंचला गिरी निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर वाहनों की जांच कर रही थीं। दोनों मामलों सहित उन पर लगे अन्य आरोपों का न्यायालय में सिद्ध होना बाकी है।