पश्चिम चंपारण में पीएम किसान सम्मान निधि के 3,05,242 लाभार्थियों में से 1,11,440 किसानों ने अब तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है। कृषि विभाग के अनुसार भविष्य में सम्मान निधि को फार्मर आईडी से अनिवार्य रूप से जोड़े जाने की स्थिति में इन किसानों को योजना का लाभ जारी रखने में संकट खड़ा हो सकता है।
जिले में अब तक केवल 1,93,802 किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्रेशन कराया है। कृषि विभाग किसानों को जमीन का दाखिल खारिज कराने के साथ फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दे रहा है। अधिकारियों के मुताबिक जमीन किसान के अपने नाम पर दर्ज होने से फार्मर आईडी बनवाने में दिक्कत नहीं आती। जिन किसानों की जमीन अब भी पूर्वजों या अन्य परिजनों के नाम पर है, उन्हें रजिस्ट्रेशन के लिए अपने नाम पर दाखिल खारिज कराना होगा।
रजिस्ट्रेशन की गति तेज करने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है और बिहार भूमि पोर्टल से जमाबंदी डाटा डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है। आंकड़ों के अनुसार बेतिया अनुमंडल में सबसे अधिक 60,786 किसान फार्मर आईडी से वंचित हैं, जबकि बगहा में 29,989 और नरकटियागंज में 20,665 किसानों का रजिस्ट्रेशन लंबित है।
अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा के अनुसार किसानों को जमीन का दाखिल-खारिज हर हाल में करा लेना चाहिए, क्योंकि फार्मर रजिस्ट्रेशन के लिए किसान के नाम पर ही जमीन होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य करने के संबंध में जिले को कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।
