चंडीगढ़ के सेक्टर-34 थाना पुलिस ने स्कूल से लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने और उसे कार में बैठाने की कोशिश करने के आरोप में एक वकील को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी 26 वर्षीय वैभव के रूप में हुई है, जो हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करता है। घटना 19 फरवरी की है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा स्कूल से छुट्टी के बाद बस से उतरकर घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्विफ्ट कार में बैठे आरोपित ने उसे आवाज दी और बहन कहकर अपने पास बुलाया। आरोपित ने बच्ची से कहा कि उसे शुगर की बीमारी है और पेशाब करने में परेशानी होती है, तथा मदद मांगी। बच्ची के रुकने पर आरोपित ने उसे अश्लील हरकत के लिए उकसाना शुरू कर दिया और अपने निजी अंग को छूने के लिए कहा, फिर कार में बैठने का दबाव बनाया।

अचानक सामने आई इस स्थिति से घबराई बच्ची किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची, जिसके बाद आरोपित भी मौके से फरार हो गया। बच्ची ने घर पहुंचकर माता-पिता को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्ची की पहचान के आधार पर कार के नंबर से आरोपित का पता लगाया। जांच में सामने आया कि आरोपित अपनी महिला मित्र की कार लेकर चंडीगढ़ आया था।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पुलिस को बताया कि वह हाईकोर्ट में वकील के तौर पर प्रैक्टिस करता है। मामले की जांच जारी है। आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा और पीड़ित बच्ची से उसकी पहचान करवाई जाएगी।