बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे चक्रवातों के कारण बिहार में ठंड की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली पूर्वी हवा के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है। कड़ाके की ठंड के लिए उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी और शुष्क हवा जरूरी होती है, लेकिन चक्रवाती गतिविधियों से पूर्वी हवा का असर बढ़ने से ठंड बढ़ने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। अक्टूबर में चक्रवात अर्नब और नवंबर में मुरासु व अकवान ने प्रदेश के मौसम चक्र को प्रभावित किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन में ठंड का असर और कम होगा। हालांकि, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कोहरा बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई, जिसमें लखीसराय में सर्वाधिक 45.2 मिमी वर्षा हुई। पटना में सुबह के समय दृश्यता घटकर दो सौ मीटर रह गई।
दिन में धूप निकलने और मौसम साफ होने से कई जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 32.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। पश्चिम चंपारण में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 15 वर्षों में नवंबर का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। सोमवार सुबह पटना सहित आसपास के इलाकों में कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहा।
वर्षा के आंकड़ों की बात करें तो नालंदा के सरमेरा में 30.8 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 30.4 मिमी, कटिहार में 28 मिमी, नालंदा के बिंद में 24.6 मिमी, पटना के बेलछी में 21.2 मिमी, नालंदा के हरनौत में 19.8 मिमी, खगड़िया में 19.2 मिमी और पूर्णिया के रूपौली में 18.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कटिहार के फलका में 15.2 मिमी, मधेपुरा के चौसा में 14.6 मिमी, नालंदा के बेन में 12.8 मिमी, पूर्णिया के कस्बा में 12.6 मिमी, बेगूसराय के मटियानी में 12.6 मिमी, कटिहार के बरारी में 11.8 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 11.6 मिमी और मधेपुरा के पुरैनी में 11.4 मिमी वर्षा हुई। लखीसराय के बरहिया और पटना के मसौढ़ी में 10.4-10.4 मिमी, बेगूसराय के बरौनी में 9.6 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 9.2 मिमी, पटना के मोकामा में 8.6 मिमी, कटिहार के प्राणपुर में 8.4 मिमी एवं बेगूसराय के नवाकोठी में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। फिलहाल ठंड की रफ्तार धीमी होने से कड़ाके की सर्दी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
