चंडीगढ़ पुलिस लाइन में मुलाजिमों पर कागजों में ड्यूटी दिखाकर फरलो मारने के आरोप लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक करीब 654 की स्ट्रेंथ में से रोजाना ड्यूटी पर 300 से भी कम पुलिसकर्मी पहुंच रहे हैं। आरोप है कि कुछ मुलाजिम चिट्ठा मुंशी और मुंशी के साथ सेटिंग कर ड्यूटी से गैरहाजिर रहते हैं, जबकि रोस्टर और सरकारी रिकॉर्ड में उनकी ड्यूटी नियमित दिखाई जाती है। सूत्रों का दावा है कि यह सिलसिला करीब छह महीने से चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार कुछ मुलाजिम गांव में खेती संभाल रहे हैं तो कुछ अपना कारोबार, जबकि कुछ घर पर रहते हैं। ऐसे पुलिसकर्मी भी बताए जा रहे हैं जिनके पति-पत्नी दोनों चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं और आरोप है कि एक ड्यूटी करता है तो दूसरे को फरलो मिल जाती है। मामले में पुलिस लाइन के एक अधिकारी, चिट्ठा मुंशी और मुंशी की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस लाइन में 14 इंस्पेक्टर, 32 सब इंस्पेक्टर, 112 एएसआई, 95 हेड कॉन्स्टेबल, 343 कॉन्स्टेबल और महिला कॉन्स्टेबल, 28 टियर गैस स्टाफ और 30 बैंड स्टाफ हैं। एक अधिकारी के मुताबिक इस स्ट्रेंथ में बैंड स्टाफ, टियर गैस, पीएसओ और गार्ड की ड्यूटी भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक गैरहाजिरी से उपलब्ध पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां और कई बार डबल ड्यूटी करनी पड़ती है।

सूत्रों का कहना है कि पिछले छह महीने के ड्यूटी रोस्टर, हाजिरी रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। 2017 में आईआरबी और पीसीआर में भी ऐसा मामला सामने आया था, जिसमें कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी। आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी और पुलिस लाइन के एक अधिकारी के मुताबिक कुल स्ट्रेंथ में कई तरह की ड्यूटियां शामिल हैं, जिसका पूरा ब्रेकअप साझा किया जाएगा।