रामपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र में रात करीब साढ़े बारह बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गाड़ी मुरादाबाद से सीतापुर जा रही थी।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गाड़ी यूपी 34 नंबर की थी। गाड़ी मालिक मन्नू पुत्र राजू पोरवाल सीतापुर के कसबा व थाना बिसवां के रहने वाले हैं। उनके अनुसार गाड़ी उनका भाई सुनील पोरवाल किसी काम से मुरादाबाद लेकर गया था। उसके साथ बिसवां के ही अभिषेक, निलेश और रामजीवन यादव भी थे।

गाड़ी 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग खेत में दूर-दूर जा गिरे। बोलेरो के इंजन से काफी देर तक धुआं निकलता रहा, जिसके चलते आग लगने की आशंका पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर इंजन को ठंडा कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो सुनील, अभिषेक और निलेश की सांसें थम चुकी थीं, जबकि रामजीवन यादव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

शहजादनगर थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि गाड़ी मालिक के मोबाइल पर संपर्क कर हादसे की सूचना दी गई, लेकिन चारों की मौत के बारे में नहीं बताया गया। स्वजन रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, रामपुर के शौकत मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से 21 वर्षीय बाइक सवार तुषार की मौत हो गई। तुषार डायमंड कालोनी रोड के रहने वाले थे और टाटा क्रोमा कंपनी में सेल्समैन थे। शुभ्रा पैथोलॉजी लैब के पास हुई टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।