बाहरी दिल्ली के कराला गांव की फिरणी रोड गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण बदहाल बनी हुई है। मुख्य कराला रोड से स्टेडियम होते हुए यूइआर-टू को जोड़ने वाली इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से गंदा पानी भरा रहता है। राहगीरों को समझ नहीं आता कि गड्ढों से बचकर निकलें या पानी में रास्ता तलाशें।
सुबह-शाम व्यस्त रहने वाली इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, नौकरीपेशा लोग और स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। करीब 20 हजार की आबादी वाले कराला गांव की इस सड़क पर एक स्कूल भी है, जिससे बच्चों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क के लिए बजट स्वीकृत होने की चर्चा हुई थी, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि सिर्फ आश्वासन दिए जाते हैं, सुध लेने वाला कोई नहीं है।
प्रभावित सड़क का निर्माण सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने कराया था, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने से हालत बिगड़ती जा रही है। इसके साथ ही कराला से सुल्तानपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाया गया बड़ा नाला भी जाम है।
पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारी के अनुसार नाले का निर्माण कार्य चल रहा है और उसकी पूरी सफाई कराई जाएगी। अधिकारी ने जल्द समस्या के स्थायी समाधान का दावा किया है। वहीं निगम पार्षद मनीषा जसबीर कराला का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध न होने से काम नहीं हो पा रहा है और बजट मिलते ही निर्माण जल्द कराया जाएगा।
