फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल में एक बुजुर्ग पिता को अपने बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट साढ़े तीन महीने से नहीं मिल रही है। 65 वर्षीय किशन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के एक गांव के रहने वाले हैं और उनका बेटा राजेंद्र फरीदाबाद में रहता था। परिवार को सूचना मिली थी कि काम के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई। सूचना पाकर पिता फरीदाबाद पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत नागरिक अस्पताल में बेटे का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद स्वजन शव गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर चुके हैं।
बुजुर्ग पिता की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने के लिए खेड़ी पुल थाना के उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह भी नागरिक अस्पताल गए थे, लेकिन उन्हें भी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। पिता का आरोप है कि रिपोर्ट लेने के लिए वह कई बार अस्पताल जा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें इधर-उधर भेज दिया जाता है और रिपोर्ट नहीं मिलती। सोमवार को भी वह पुलिस के साथ रिपोर्ट लेने पहुंचे थे, मगर निराश लौटना पड़ा। उनकी नाराजगी यह भी है कि रिपोर्ट न देने का कारण नहीं बताया जा रहा है।
पिता को संदेह है कि यह कोई हादसा नहीं था और मौत की कोई और वजह हो सकती है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तस्वीर साफ हो सकेगी, इसलिए वह रिपोर्ट हासिल करना चाहते हैं।
पुलिस का कहना है कि डॉक्टर ने उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट न देने पर पुलिस की ओर से डॉक्टर के खिलाफ उच्च अधिकारी से शिकायत की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने कहा कि रिपोर्ट न मिलना गंभीर बात है। उन्होंने कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास गोयल से बातचीत कर रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
