नवी मुंबई की बेलापुर कोर्ट में हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद 34 वर्षीय दोषी नागेश बाबू लाड ने कोर्ट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल लाड को तुरंत नवी मुंबई के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, नेरुल पुलिस ने 2019 में नागेश बाबू लाड को हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया था। सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जज प्रसन्न चंदगुडे की अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, फैसला सुनते ही लाड सदमे में आ गया और कोर्ट रूम से बाहर निकलने के कुछ ही पल बाद उसने अचानक इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।