फरीदाबाद के प्याला स्थित भारतीय पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) प्लांट पर कुछ ट्रक ड्राइवरों ने एक साथी ड्राइवर के साथ कथित मारपीट के विरोध में हड़ताल की धमकी दी है। मूल रूप से बिहार निवासी ड्राइवर महेंद्र यादव एक ट्रांसपोर्टर के ट्रक पर काम करते हैं, जो पेट्रोलियम पदार्थ की सप्लाई करता है। महेंद्र के मुताबिक, बीते शुक्रवार को वह प्याला से 12 हजार लीटर तेल लेकर झज्जर स्थित श्रीकृष्णा फिलिंग स्टेशन गया था। वहां पंप मालिक और अन्य कर्मचारियों ने उन पर तेल चोरी का आरोप लगाकर दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक पीटा। ट्रांसपोर्टर से 10 हजार रुपये अपने खाते में डलवाने के बाद उन्हें छोड़ा गया।

ड्राइवर का आरोप है कि झज्जर में पुलिस और अस्पताल ने उनकी सुध नहीं ली और उन्हें प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज होकर सोमवार को करीब दस से पंद्रह ड्राइवर इकट्ठे हुए और हड़ताल की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सप्लाई लेकर नहीं जाएंगे।

इस बारे में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने कहा कि अधिकांश पेट्रोल पंपों के अपने वाहन होते हैं, इसलिए हड़ताल जैसी बात संभव नहीं है और अभी तक ऐसी किसी सूचना की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, सीकरी चौकी प्रभारी सुरेंद्र फौगाट ने कहा कि मामला उनके क्षेत्र का नहीं है और हड़ताल से जुड़ी किसी तरह की सूचना उन्हें नहीं मिली है।