बुलंदशहर में खुर्जा विकास प्राधिकरण में ठेकेदारी और प्रॉपर्टी का काम करने वाले 38 वर्षीय कपिल बालियान ने रविवार रात अपने किराए के फ्लैट में अवैध देशी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार घटना के समय वह मोबाइल पर किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव भौपुर निवासी कपिल बालियान कोतवाली देहात क्षेत्र की जीवनगीत कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रहते थे। परिवार में पत्नी रंजना और दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि तीन दिन पहले ही उनकी पत्नी और दोनों बेटियां गांव चली गई थीं, जिसके चलते कपिल फ्लैट में अकेले थे। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और मोबाइल आदि सामान बरामद किया है।
पुलिस जांच कर रही है कि कपिल किससे वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। चर्चा है कि उनका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। हालांकि रिश्तेदार राजकुमार ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की बात कही है।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेकेदार ने अवैध पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
