कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार भोर एक स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा ठठिया क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बस कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र के अफजलपुरवारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी और इसमें 50 बच्चे तथा छह शिक्षक सवार थे। ये सभी कौशांबी से कन्नौज पिकनिक पर जा रहे थे। माइलस्टोन 210 के पास बस चालक ने शौच के लिए वाहन किनारे रोका था। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद बच्चे बस के अंदर फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से बचाव अभियान चलाया। घायल बच्चों और स्टाफ सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 16 वर्षीय रजिउल्ला, 17 वर्षीय जैदमिर्जा और 17 वर्षीय अरमान शामिल हैं। घायलों में कई छात्र, स्टाफ सदस्य और बस चालक बताए जा रहे हैं।
