कानपुर नगर में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल के मामले कानपुर मंडल में सबसे अधिक सामने आए हैं। आरटीओ के आंकड़ों के अनुसार, एक जनवरी से 30 सितंबर तक कानपुर नगर में मोबाइल का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने पर 2886 चालान काटे गए। यह संख्या मंडल के सभी जिलों में सर्वाधिक है।
आरटीओ के आंकड़ों के मुताबिक, कानपुर मंडल के छह जिलों में इस अवधि में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने पर कुल 5355 चालान किए गए। इनमें कानपुर नगर शीर्ष पर रहा, जबकि इटावा में सबसे कम 384 चालान काटे गए। कानपुर देहात में 450, फर्रुखाबाद में 208, कन्नौज में 404 और औरैया में 1023 चालान दर्ज किए गए। आंकड़ों से पता चलता है कि कानपुर नगर और औरैया में इस नियम की अनदेखी करने वालों की संख्या अन्य जिलों के मुकाबले काफी अधिक रही।
वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना या स्क्रीन देखना चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इससे चालक का ध्यान सड़क से हट जाता है और कुछ सेकंड की लापरवाही भी दुर्घटना की वजह बन सकती है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग वाहन चलाते समय फोन पर बात करते हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन कहकशां खातून के अनुसार, मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाने पर लगातार सख्ती की जा रही है और कई चालान काटे गए हैं। इसके अलावा लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वे इस तरह की लापरवाही न बरतें। आरटीओ की ओर से लगातार चालान किए जाने के बाद भी इस पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है।
