बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत अभिभावकों के लिए चिंता का विषय है। पढ़ाई और मनोरंजन के लिए बच्चे घंटों स्क्रीन पर समय बिताते हैं। इस आदत को कम करने के लिए कानपुर के तीन दोस्तों ने एआई आधारित टेडी 'कूजी' तैयार किया है। यह टेडी बच्चों से बातचीत करेगा, उनके सवालों के जवाब देगा और खेल-खेल में नई चीजें सिखाएगा। भारत मंडपम में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के हॉल नंबर 14 में इसे प्रदर्शित किया गया है। कंपनी की योजना दिसंबर में इसे बाजार में उतारने की है।
इस टेडी को कानपुर के सर्वोदय नगर निवासी आयुष, माही और प्रभात ने तैयार किया है। इसी नाम पर उन्होंने अपने स्टार्टअप का नाम भी 'कूजी' रखा है। लखनऊ के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र प्रभात, इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के छात्र आयुष और चार्टर्ड अकाउंटेंट माही ने मिलकर यह पहल की है। स्टॉल पर मौजूद आयुष जिंदल ने बताया कि सामान्य टेडी बियर जैसा दिखने वाला यह खिलौना माइक्रोफोन, स्पीकर और रिचार्जेबल बैटरी से लैस है। इसे एआई टूल से जोड़ा गया है।
बच्चा बटन दबाकर बातचीत शुरू कर सकता है। यह हिंदी, अंग्रेजी और हिंग्लिश में जवाब देता है। बच्चे की पसंद और पिछली बातचीत याद रखने की क्षमता इसे खास बनाती है। तीन घंटे चार्ज करने पर यह करीब सात घंटे काम कर सकता है। पैरेंट एप के जरिये माता-पिता इस्तेमाल का समय तय कर सकेंगे। सोने के समय खिलौने को बंद रखने का विकल्प भी है। अभिभावक एप पर बच्चे की बातचीत देख सकते हैं और संवेदनशील विषयों पर बातचीत होने पर अलर्ट पा सकते हैं। इससे वे बच्चे की जिज्ञासाओं से जुड़े रहेंगे।
कंपनी का उद्देश्य मोबाइल पर वीडियो देखने में बिताए जाने वाले समय को बातचीत और सीखने की गतिविधियों में बदलना है।
