अमेरिकी अंतरिक्ष नियामक फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाने के लिए 10 लाख उपग्रहों के प्रक्षेपण की मंजूरी दी है। एआई के बढ़ते इस्तेमाल से दुनियाभर में डेटा सेंटरों की मांग बढ़ रही है, लेकिन इन्हें चलाने में भारी बिजली और पानी लगता है, जिससे पर्यावरण पर असर को लेकर विरोध भी बढ़ रहा है। इस परियोजना के तहत अंतरिक्ष में बनने वाले डेटा सेंटर कंप्यूटिंग के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करेंगे और पृथ्वी पर होने वाले भारी डेटा को प्रोसेस करेंगे।
कंपनी की योजना सन-सिंक्रोनस आर्बिट समेत दूसरी कक्षाओं में उपग्रह स्थापित करने की है। उपग्रह आप्टिकल लिंक से एक-दूसरे से जुड़े रहेंगे, जबकि आपातकालीन और बैकअप संचार के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल होगा। एफसीसी के अनुसार, स्पेसएक्स को नवंबर 2033 तक परियोजना पर काम शुरू करना होगा, नवंबर 2035 तक एक लाख यानी कुल संख्या के 10 प्रतिशत उपग्रह स्थापित करने होंगे, नवंबर 2038 तक पांच लाख उपग्रहों की तैनाती जरूरी होगी और नवंबर 2040 तक पूरा काम करना होगा।
खगोलविदों ने इस परियोजना पर चिंता जताई है। अमेरिकन एस्ट्रोनामिकल सोसाइटी ने एफसीसी के फैसले पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में उपग्रहों से रात का आसमान अधिक चमकीला हो सकता है, जिससे दूरबीनों के जरिये खगोलीय अध्ययन प्रभावित होंगे। उपग्रहों से निकलने वाली रेडियो तरंगों और गर्मी से रेडियो तथा इन्फ्रारेड खगोल विज्ञान को नुकसान की आशंका भी जताई गई है। उपग्रहों के बीच टक्कर तथा प्रक्षेपण और वायुमंडल में उनके दोबारा प्रवेश से होने वाले प्रदूषण पर भी सवाल उठाए गए हैं।
इस बीच एलन मस्क ने गुरुवार को घोषणा की कि अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स के दो शेयर दिए जाएंगे। इनमें एक शेयर कंपनी और दूसरा मस्क अपनी ओर से देंगे। मस्क के मुताबिक, कंपनी की ओर से मिलने वाला शेयर अगले महीने हस्तांतरित किया जाएगा, जबकि उनकी ओर से दिया जाने वाला शेयर अगले साल जून में उनके शेयरों की लॉक-अप अवधि समाप्त होने के बाद मिलेगा। स्पेसएक्स के अनुसार, ये शेयर सक्रिय ट्रंप अकाउंट के जरिये दिए जाएंगे और कंपनी अपने क्लास-ए कॉमन स्टॉक का एक शेयर उपलब्ध कराएगी। इन अकाउंट का उद्देश्य अमेरिकी बच्चों के लिए लंबी अवधि की बचत को बढ़ावा देना है।
