कई स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट सेंसर से फोन अनलॉक किया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद यह सेंसर उसकी उंगली से फोन को अनलॉक नहीं कर पाता। इसके पीछे फिंगरप्रिंट सेंसर की बनावट और काम करने का तरीका तथा मृत्यु के बाद शरीर में होने वाले बदलाव जिम्मेदार होते हैं।

फोन का फिंगरप्रिंट सेंसर केवल उंगली के निशानों की तस्वीर नहीं लेता, बल्कि त्वचा पर मौजूद हल्की नमी, गर्माहट और शरीर में चल रहे सूक्ष्म करंट को भी पकड़ता है। इन्हीं संकेतों के आधार पर सेंसर यह समझ पाता है कि उस पर रखी गई उंगली जीवित व्यक्ति की है या नहीं। जब तक सेंसर को यह पुष्टि नहीं होती, फोन अनलॉक नहीं होता।

जीवित व्यक्ति के शरीर में खून लगातार दौड़ता रहता है और त्वचा में हल्का करंट और नमी बनी रहती है। मृत्यु के कुछ ही देर बाद दिल की धड़कन रुक जाती है और उंगलियों की नमी सूख जाती है, जिससे त्वचा पर मौजूद हल्का करंट भी खत्म हो जाता है। इसके अलावा मृत्यु के बाद त्वचा सिकुड़ जाती है और फिंगरप्रिंट की बनावट में भी थोड़ा फर्क आ जाता है। ऐसे में सेंसर उंगली को अमान्य मानकर फोन अनलॉक करने से मना कर देता है।

अगर आप चाहते हैं कि किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार आपके फोन और उसमें मौजूद जरूरी फोटो, कागजात और डेटा को हासिल कर सके, तो कंपनियां इसके लिए खास सुविधा देती हैं। आईफोन चलाने वाले लोग अपनी Apple ID में Legacy Contact को शामिल कर सकते हैं, जिसमें परिवार या जान-पहचान के किसी भरोसेमंद सदस्य का नाम जोड़ा जा सकता है। जरूरत पड़ने पर वह व्यक्ति डेथ सर्टिफिकेट और खास कोड की मदद से आईक्लाउड डेटा हासिल कर सकता है। वहीं गूगल एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स पर इनएक्टिव अकाउंट मैनेजर नाम का फीचर देता है, जिसकी सेटिंग में तय किया जा सकता है कि अकाउंट एक तय समय तक इस्तेमाल न होने पर चुने गए शख्स को ईमेल भेजा जाए और उसे फोटो, ईमेल या ड्राइव का डेटा डाउनलोड करने की इजाजत दी जाए। सुरक्षा नियमों की वजह से कंपनी सीधे फोन का लॉक या पासवर्ड तोड़ने की अनुमति नहीं देती, इसलिए पहले से किसी भरोसेमंद को अपनी डिजिटल नॉमिनी बनाकर रखना चाहिए।