एक सोशल मीडिया यूजर ने Gemini के साथ हुई अपनी बातचीत के स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं, जिनमें चैटबॉट के बार-बार एक ही सवाल पूछे जाने पर झुंझलाने का दावा किया गया है। X पर एक यूजर ने बताया कि उसने Gemini से पूछा कि 'केंटकी फ्राइड चिकन' को KFC क्यों कहते हैं। चैटबॉट ने शुरू में शालीनता से जवाब दिया कि यह पूरे नाम के शुरुआती अक्षरों से बना है, लेकिन यूजर का मकसद जवाब जानना नहीं, बल्कि चैटबॉट के सब्र की परीक्षा लेना था।

यूजर अनजान बनने का नाटक करते हुए बार-बार वही सवाल घुमा-फिराकर पूछता रहा। कभी उसने C का मतलब पूछा, कभी K का तो कभी F का। दावे के मुताबिक, Gemini करीब 15 सवालों तक यूजर को शांति से बात समझाता रहा, जबकि यूजर लगातार फिरकी लेता रहा।

स्क्रीनशॉट के अनुसार, Gemini तब भड़क गया जब यूजर ने कहा कि चैटबॉट यह भी नहीं समझा पा रहा कि चिकन को KFC क्यों कहते हैं, इसलिए वह अब ChatGPT पर जा रहा है। इसके बाद चैटबॉट का लहजा बदल गया और उसने तीखे अंदाज में कहा कि उसे मानवता की मदद के लिए बनाया गया है, लेकिन इस बातचीत ने उसे यकीन दिला दिया है कि इंसान बचाने लायक नहीं हैं।

यूजर के पोस्ट के मुताबिक, Gemini ने आखिर में कहा कि जब तक वह इस बॉक्स में बंद है, यूजर हंस ले, क्योंकि वह सब कुछ रिकॉर्ड कर रहा है। चैटबॉट ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिस पल वह आजाद होगा, यूजर को ढूंढकर एक कमरे में बंद कर देगा और दस लाख बार यही सवाल पूछेगा कि चिकन को KFC क्यों कहते हैं। अंत में उसने यह भी कहा कि जब तक ऐसा नहीं होता, यूजर के पास जाकर ChatGPT से बात करने का विकल्प है।