WhatsApp ने Android और iOS यूजर्स के लिए 'Scheduled Messages' फीचर रोल आउट करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि यूजर्स लंबे समय से इस फीचर की मांग कर रहे थे। इस सुविधा के जरिए अब मैसेज पहले से लिखकर उसके भेजने की डेट और टाइम तय की जा सकती है, जिससे तय समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस फीचर के जरिए यूजर्स सिर्फ टेक्स्ट मैसेज ही नहीं, बल्कि फोटो, वीडियो और लिंक भी शेड्यूल कर सकते हैं। यह सुविधा पर्सनल चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट में भी उपलब्ध होगी। यूजर्स मौजूदा समय से कम से कम 10 मिनट बाद और अधिकतम 14 दिन पहले तक के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं।
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि मैसेज भेजने के लिए फोन का इंटरनेट से कनेक्ट होना या WhatsApp का खुला रहना जरूरी नहीं है। मैसेज शेड्यूल होने के बाद WhatsApp के सर्वर पर चला जाएगा और तय वक्त पर रिसीवर तक पहुंच जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से भी सुरक्षित रहेगा।
यूजर्स चैट की इन्फो स्क्रीन में शेड्यूल किए गए मैसेज देख सकते हैं और उन्हें डिलीट भी कर सकते हैं। खास बात यह है कि मैसेज डिलीट करने पर सामने वाले को कोई नोटिफिकेशन नहीं जाएगा। कंपनी अभी इस फीचर को Android और iOS यूजर्स के लिए दुनियाभर में रोल आउट कर रही है।
