शाहजहांपुर के शास्त्रीनगर कॉलोनी में रहने वाले प्रदीप शर्मा खुदागंज के संस्कृत महाविद्यालय में पढ़ाते हैं। उनके छोटे बेटे शाश्वत ने करीब एक साल पहले नोएडा के एक कॉलेज से बीटेक किया था और उसके बाद से नौकरी की तलाश कर रहा था। बुधवार रात उसने घर में पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक शाश्वत मंगलवार को नोएडा से चला था, लेकिन मुरादाबाद के पास बस खराब हो गई। बड़े भाई शिवांश से रात में बात हुई तो उसने बताया कि वह करीब 30 किलोमीटर पैदल चल चुका है, इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। संपर्क न होने पर प्रदीप शर्मा ने सदर थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार दोपहर शाश्वत ने फोन कर बताया कि थककर एक ढाबे पर सो गया था और मोबाइल बंद हो गया था। इसके बाद परिजन उसे घर ले आए।

पिता प्रदीप शर्मा के अनुसार बेटा कई दिनों से तनाव में लग रहा था। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है और नौकरी का कोई दबाव नहीं था। गुरुवार को उसे चिकित्सक के पास ले जाने की बात थी। एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और अब तक कोई अन्य कारण भी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।