बरही से हजारीबाग के बीच 40.4 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का 121.70 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) इस मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की पहल कर रहा है। परियोजना के लिए एनएचएआई ने दो अलग-अलग पैकेजों में निविदा आमंत्रित की है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी के अनुसार, मार्ग के महत्व और यातायात दबाव को देखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल रोड बनाने की योजना बनाई गई है।

पहले पैकेज में किलोमीटर 0.000 से 13.500 तक कुल 13.5 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण 39.83 करोड़ रुपये की लागत से होगा। दूसरे पैकेज में किलोमीटर 13.500 से 40.400 तक 26.9 किलोमीटर सड़क का उन्नयन 81.87 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि से किया जाएगा। सड़क की खराब सतह को हटाकर प्राइम कोट, टैक कोट, डेंस बिटुमिनस मैकाडम और बिटुमिनस कंक्रीट जैसी तकनीकों से नई परत बिछाई जाएगी। सड़क पर कंक्रीट कर्ब, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रोड स्टड और सोलर रोड मार्कर भी लगाए जाएंगे।

दूसरे पैकेज में सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर मेटल बीम क्रैश बैरियर, रेट्रो रिफ्लेक्टिव रोड साइनेज, डिलिनिएटर, सोलर ब्लिंकर, रंबल स्ट्रिप और ट्रांसवर्स बार मार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। हार्ड शोल्डर का भी निर्माण होगा। पांच चयनित स्थानों पर 25 मीटर ऊंचे हाई मास्ट पोल लगेंगे, जिन पर एलईडी फ्लड लाइट लगाई जाएगी।

इस परियोजना से रांची-पटना जाने वाले यात्रियों के साथ बरही, हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क की गुणवत्ता सुधरने और आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं विकसित होने से यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।