मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मत्था टेका और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों से समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं और आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं, जिनमें हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना एवं रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण शामिल हैं। इनसे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है और राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी एवं किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति के अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
