घर पर सोलर पैनल लगवाने से पहले यह समझना जरूरी है कि कौन सी तकनीक आपके लिए सही रहेगी। दिखने में सभी पैनल एक जैसे लगते हैं, लेकिन इनमें इस्तेमाल होने वाली तकनीक से तय होता है कि वे कितनी बिजली बनाएंगे। भारतीय घरों की छतों पर पानी की टंकी, ममटी और वेंट जैसी चीजों के कारण धूप वाली जगह सीमित हो जाती है, इसलिए सही पैनल का चुनाव खासा अहम हो जाता है। पैनल की क्षमता के साथ-साथ घर की बिजली खपत, छत पर पड़ने वाली छाया और बिजली कटौती की स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए।

बाजार में मुख्य रूप से मोनोक्रिस्टलाइन और पॉलीक्रिस्टलाइन तकनीक वाले पैनल मिलते हैं। सिंगल सिलिकॉन क्रिस्टल से बने मोनोक्रिस्टलाइन पैनल कम जगह में ज्यादा बिजली बनाते हैं, जबकि पॉलीक्रिस्टलाइन पैनल थोड़े सस्ते होते हैं, लेकिन बिजली उत्पादन में कमजोर रहते हैं और इन्हें ज्यादा जगह चाहिए होती है। थिन-फिल्म पैनल हल्के और लचीले होते हैं, पर घरों के लिए इन्हें पसंद नहीं किया जाता। एडवांस मोनोक्रिस्टलाइन पैनलों में PERC, TOPCon और HJT जैसी नई सेल तकनीक आ रही है, जो बिजली बनाने की क्षमता को काफी बेहतर बनाती है।

आम धारणा के उलट, पैनल जितने ज्यादा गर्म होंगे उतनी ही ज्यादा बिजली बनेगी, ऐसा नहीं है। ज्यादा गर्मी से सोलर पैनल की क्षमता कम हो जाती है और पैनल पर ज्यादा छाया पड़ने से भी सालाना बिजली उत्पादन घट सकता है। रिपोर्ट के अनुसार इस समस्या से निपटने के लिए आजकल बायफेशियल पैनल काफी ट्रेंड में हैं, जो सामने की सतह के साथ-साथ पीछे की सतह से परावर्तित होने वाली रोशनी से भी बिजली बनाते हैं। हालांकि, इनका फायदा तभी मिलता है जब इन्हें सही ऊंचाई और साफ सतह पर लगाया जाए।

सोलर पैनल चुनते समय 20 प्रतिशत के नियम को ध्यान में रखना चाहिए, यानी घर की सामान्य बिजली खपत से करीब 20 प्रतिशत ज्यादा क्षमता का सिस्टम चुनें, ताकि बादल या कम धूप में भी बिजली की कमी न हो। अगर मकसद सिर्फ बिजली का बिल कम करना है तो ऑन-ग्रिड सिस्टम लगवाया जा सकता है, जबकि ज्यादा बिजली कटौती वाले इलाकों में बैटरी बैकअप वाला हाइब्रिड सिस्टम बेहतर विकल्प है। बजट बनाते समय पैनल की कीमत के साथ इन्वर्टर, माउंटिंग स्ट्रक्चर और इंस्टॉलेशन के खर्च को भी शामिल करना न भूलें।