लखनऊ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में यातायात और सड़क सुरक्षा से जुड़ी उपलब्धियों का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि तकनीक के इस्तेमाल से प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर यातायात जाम के प्वाइंट 64 प्रतिशत घटे हैं और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 10 प्रतिशत की कमी आई है।
डीजीपी के अनुसार यूपी गति प्लेटफॉर्म पर गूगल के रियल टाइम ट्रैफिक डाटा के जरिए प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव और जाम की निगरानी की जा रही है। मार्च 2026 में प्लेटफॉर्म पर दर्ज 16,723 कंजेशन प्वाइंट अक्टूबर में घटकर 6,080 रह गए।
सड़क सुरक्षा के लिए जीरो फटालिटी डिस्ट्रिक्ट्स योजना के तहत प्रदेश, जनपद, थाना, क्रिटिकल कॉरिडोर और ब्लैक स्पॉट स्तर पर निगरानी की जा रही है। डीजीपी के अनुसार अक्टूबर 2026 तक पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में नौ प्रतिशत और मौतों में 10 प्रतिशत कमी आई है। इन प्रयासों से एक हजार से अधिक लोगों की जान बचाने का दावा किया गया है।
डीजीपी ने बताया कि अपराधियों को सजा दिलाने के अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत एक जुलाई 2023 से 18 नवंबर 2026 तक 1,64,917 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। इसे प्रभावी विवेचना, अभियोजन से समन्वय और न्यायालयों में मजबूत पैरवी का नतीजा बताया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2017 से अब तक 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है और एआइ तथा बिग डेटा आधारित यक्ष एप के जरिए पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है।
