चरखी दादरी पुलिस की साइबर शाखा ने करीब 2.92 लाख रुपये कीमत के 10 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ये फोन मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना फोन वापस पाकर लोगों ने राहत जताई और पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
एसपी लोगेश कुमार पी ने बताया कि साइबर शाखा की टीम ने सीईआर पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों के आधार पर तकनीकी जांच की। टीम ने मोबाइल के आईएमईआई नंबर और डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए उसकी लोकेशन और उपयोग से जुड़ी जानकारी जुटाई। इसके बाद फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। सभी मोबाइल फोन के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।
एसपी ने साइबर शाखा की टीम की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल फोन आज केवल बातचीत का साधन नहीं रह गया है, बल्कि इसमें लोगों का महत्वपूर्ण व्यक्तिगत डेटा, बैंकिंग संबंधी जानकारी और जरूरी दस्तावेज भी होते हैं। इसलिए गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ तकनीकी माध्यमों से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, साइबर हेल्पलाइन या सीईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि मोबाइल को ब्लॉक करवाकर उसकी ट्रेसिंग शुरू की जा सके। साथ ही फोन का खरीद बिल और आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी, ताकि फोन बरामद होने पर उसकी पहचान और सत्यापन में आसानी हो सके।
