रांची के 18 वर्षीय एथिकल हैकर सार्थक सिद्धांत ने उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट की 6.8 लाख पीडीएफ फाइलों को ओसीआर तकनीक से सर्च करने लायक डेटा में बदलने का दावा किया है। उन्होंने मंगलवार को एक्स पर यह जानकारी दी। उनके मुताबिक राज्य की 403 विधानसभा सीटों के 54.8 करोड़ वोटर रिकॉर्ड्स को अब आसानी से खंगाला जा सकेगा।

अब तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर वोटर लिस्ट पीडीएफ के रूप में उपलब्ध थी। किसी का नाम खोजने के लिए विधानसभा क्षेत्र और पोलिंग बूथ की जानकारी जुटाकर पीडीएफ डाउनलोड करनी पड़ती थी और पन्ने एक-एक करके देखने होते थे। ओसीआर तकनीक से अब यह डेटा टेबल के रूप में व्यवस्थित हो गया है, जिससे रिकॉर्ड खोजना और अलग-अलग चुनावों या रिवीजन के दौरान हुए बदलावों की तुलना करना आसान होगा।

सार्थक के मुताबिक सार्वजनिक रूप से डाउनलोड किए जा सकने वाले डेटा में निजता का ध्यान रखा गया है। वोटर के नाम, रिश्तेदारों के नाम, ईपीआईसी नंबर और मकान नंबर जैसे संवेदनशील विवरणों को टोकन से बदल दिया गया है।

बता दें कि विपक्ष चुनाव आयोग से ऐसी व्यवस्था की मांग करता रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने 17 नवंबर को 2027 की ड्राफ्ट वोटिंग लिस्ट में जानकारी खोजने और डाउनलोड करने लायक पीडीएफ फाइलें उपलब्ध कराई थीं। सार्थक ने मतदाता सूची के चार सेट्स को एक साथ लाकर एक डाटासेट बनाया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने उनकी प्रशंसा की है। इससे पहले सार्थक ने सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम में गड़बड़ियां उजागर की थीं और 20 नवंबर को उन्हें टाइम्स की उभरती हुई शख्सियतों की सूची में जगह मिली थी।