छोटे बच्चों के मुंह से मौत से जुड़ी बातें सुनना माता-पिता के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। पीडियाट्रिशियन डॉक्टर सैयद मुजाहिद हुसैन के पास हाल ही में एक ऐसा ही मामला पहुंचा, जब पांच साल के बच्चे के पिता ने बताया कि उनका बेटा बार-बार कहता है कि मुझे मरना नहीं है और इस बात से डरकर रोने लगता है।
डॉक्टर के मुताबिक पिता ने बच्चे को समझाने की कोशिश की कि सभी को एक दिन मरना है, लेकिन इससे बच्चा और ज्यादा परेशान हो गया। डॉक्टर ने बताया कि 1984 में चाइल्ड डेवलपमेंट जर्नल में छपे एक आर्टिकल के अनुसार ज्यादातर बच्चे पांच से सात साल की उम्र के बीच मौत को समझने लगते हैं। वे यह समझने लगते हैं कि मौत स्थायी होती है और यह सभी के साथ होती है।
डॉक्टर का कहना है कि ऐसा होने पर यह न समझें कि बच्चा नेगेटिव हो रहा है, बल्कि वह एक डेवलपमेंट माइलस्टोन तक पहुंच रहा है। समस्या यह है कि पांच साल का बच्चा समय को नहीं समझ पाता और यह सोचकर डर जाता है कि मौत कभी भी हो सकती है। इसलिए उसे डराकर या केवल समझा-बुझाकर बात करने की कोशिश न करें।
एक्सपर्ट के अनुसार माता-पिता को बच्चे की भावनाओं को स्वीकार करना चाहिए और उसे भरोसा दिलाना चाहिए कि ज्यादातर लोग बहुत लंबी उम्र तक जीते हैं। साथ ही यह ध्यान रखें कि बच्चे मौत के बारे में बात करने से नहीं, बल्कि खामोशी से डरते हैं।
