ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित तीन दिवसीय फार्मास्युटिकल मशीनरी एंड इक्विपमेंट कनवेंशन (पीएमईसी) इंडिया में एआई आधारित स्वचालित विजुअल इंस्पेक्शन मशीन सी-ट्रू प्रदर्शित की गई। कंपनी के पदाधिकारी के अनुसार यह मशीन एक मिनट में 600 उत्पादों की गुणवत्ता जांच करने में सक्षम है।

मशीन में हाई पिक्सल और हाई फ्रेम रेट कैमरों के साथ एआई आधारित डीप लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी मदद से उत्पादों में छोटी से छोटी खामी की पहचान कर खराब उत्पादों को स्वचालित तरीके से अलग किया जा सकता है। पदाधिकारी ने बताया कि मशीन की प्रमुख विशेषताओं में फिलिंग वॉल्यूम की जांच, उत्पादों में दिखाई देने वाले कणों की पहचान और कास्मेटिक डिफेक्ट का पता लगाना शामिल है। जरूरत के अनुसार हाई वोल्टेज लीकेज डिटेक्शन, वैक्यूम या प्रेशर डिके मेथड और हेडस्पेस गैस एनालिसिस जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

इस तकनीक की खासियत कैमरा नान-ट्रैकिंग विजुअल इंस्पेक्शन सिस्टम है, जिससे स्थिर और स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त कर उत्पादों की जांच की जाती है। मशीन में सर्वो-ड्रिवन सिस्टम लगाया गया है, जो तेज गति के साथ स्थिर रोटेशन सुनिश्चित करता है। अलग-अलग उत्पादों और उनकी खामियों के अनुसार निरीक्षण की प्रक्रिया को कस्टमाइज भी किया जा सकता है।

मशीन में सांख्यिकीय रिपोर्ट तैयार करने की सुविधा भी है। उत्पादन के दौरान कोई बोतल गिरने पर इनफीड मानिटरिंग सिस्टम अलार्म बजाकर मशीन को बंद कर सकता है। मशीन के सॉफ्टवेयर में रेसिपी मैनेजमेंट, तीन स्तर का यूजर प्रिविलेज, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर और ऑडिट ट्रेल जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिनके माध्यम से डाटा को डाउनलोड, स्टोर, बैकअप और प्रिंट किया जा सकता है।