आईआईटी पटना से बीटेक करने वालीं सृष्टि श्रेया सिंह ने एक वीडियो में अपने करियर की जर्नी साझा की है। बनारस की रहने वाली सृष्टि ने साल 2019 में गूगल में इंटर्नशिप से अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी, जिसके लिए उन्हें 40 हजार रुपये मिले थे। इसके बाद 2020 में उन्होंने दो और इंटर्नशिप कीं, जिनसे पूरे साल में उनकी कुल कमाई 60 हजार रुपये रही।
साल 2021 में सृष्टि ने अपनी ग्रेजुएशन पूरी की और एमबीए में दाखिला लिया। इसी दौरान दो महीने की फुल टाइम नौकरी से उन्होंने करीब 1.5 लाख रुपये कमाए और इन पैसों से एमबीए की फीस भरी। 2022 में एक बड़ी कंपनी में इंटर्नशिप के दौरान उन्हें हर महीने 1.6 लाख रुपये का स्टाइपेंड मिला और दो महीनों में उनकी कुल कमाई 3.2 लाख रुपये हुई।
एमबीए पूरा करने के बाद जुलाई 2023 में सृष्टि ने फुल टाइम नौकरी शुरू की। दिसंबर 2023 तक उनकी कुल कमाई करीब 15 लाख रुपये रही, जबकि 2024 में यह बढ़कर 35 लाख रुपये तक पहुंच गई। सृष्टि के मुताबिक नौकरी बदलने और जॉइनिंग बोनस से इस बढ़ोतरी में अहम भूमिका रही। साल 2025 में उनकी कुल कमाई करीब 30 लाख रुपये रही।
साल 2026 में सृष्टि ने बेहतर अवसर के लिए अमेरिका जाने का फैसला किया और एक स्टार्टअप में ग्रोथ और मार्केटिंग से जुड़ी भूमिका में काम शुरू किया। इस नई भूमिका के साथ उनकी सालाना कमाई 1 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई। उनका यह सफर बताता है कि करियर में सफलता केवल पहली नौकरी या शुरुआती सैलरी से तय नहीं होती।
