फतेहपुर के बिंदकी में एक युवक पर आरोप है कि उसने अपनी मौसी के मोबाइल में सोने के हार की तस्वीर देखकर दोस्तों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद किया है।

कोतवाली बिंदकी के पांडेयपुर गांव निवासी अंजना देवी रविवार की रात शादी समारोह से लौट रही थीं, जब रास्ते में लुटेरों ने उनके जेवरात लूट लिए। महिला ने कल्यानपुर थाने के खानपुर गांव निवासी अपनी बहन के बेटे जीत बहादुर पर लूट में शामिल होने का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

कोतवाली के अपराध निरीक्षक श्याम प्रकाश पांडेय के अनुसार, आरोपित ने महिला के मोबाइल पर कॉल की थी। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मां के इलाज के दौरान कर्ज हो गया था और बाइक की किस्त भी भरनी थी। इस पर उसने मौसी के साथ लूट की योजना अपने पांच साथियों के साथ बनाई। शादी समारोह के बाद वह मौसी को बाइक से ले गया और लौटते समय बाइक के इंडीकेटर जला दिए, जिसके बाद उसके साथी आए और जेवरात लूट लिए।

पुलिस के अनुसार, लूटा गया सोने का हार कानपुर नगर के साढ़ थाना क्षेत्र के बौहारा गांव निवासी आदित्य सोनकर को 1.20 लाख रुपये में बेचा गया, जबकि चांदी की हाफ पेटी बिंदकी में बेचकर रुपये आपस में बांट लिए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत पांच साथियों और लूट का सामान खरीदने वाले आदित्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सात मोबाइल, नगदी और लूटी गई ज्वैलरी बरामद की गई है और मुकदमे में लूट का माल बरामदगी की धारा बढ़ाई गई है। एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि बरामदगी करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।