ताइपे: ताइवान में कबाड़ में पड़े रबर के टायरों से बनी एक डामर सड़क ने पारंपरिक पक्की सड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। साइंसडायरेक्ट में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, ताइवान नेशनल हाइवे ब्यूरो ने प्रयोग के तौर पर दो अलग-अलग डामर मिक्सचर में टायर रबर का इस्तेमाल करके दो एस्फाल्ट रबर पेवमेंट टेस्ट सेक्शन बनाए थे। पहले सेक्शन में गैप ग्रेडेड डिजाइन और दूसरे में ओपन ग्रेडेड डिजाइन का इस्तेमाल किया गया। ये सेक्शन दिसंबर 2000 और मई 2001 में बनाए गए थे। शोधकर्ता यह जांचना चाहते थे कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाले ग्राउंड टायर रबर को सड़क निर्माण में शामिल करना तकनीकी रूप से व्यावहारिक है या नहीं।

निर्माण के बाद टीम ने चार साल तक इन रबर पेवमेंट सेक्शन की निगरानी की और फील्ड इवैल्यूएशन किया, ताकि यह पता चल सके कि ताइवान की परिस्थितियों में कौन सा डिजाइन बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। शोधकर्ताओं ने इन पेवमेंट की तुलना पारंपरिक एस्फाल्ट पेवमेंट से भी की।

फील्ड मॉनिटरिंग के दौरान इकट्ठा किए गए डेटा के आधार पर पाया गया कि एस्फाल्ट रबर टेस्ट सेक्शन ने अच्छा प्रदर्शन किया। शोधकर्ताओं के अनुसार, रबर मिक्सचर ने पारंपरिक डेंस-ग्रेडेड एस्फाल्ट मिक्स से बेहतर काम किया।

इन नतीजों से ताइवान में एस्फाल्ट पेवमेंट बनाने में स्थानीय स्तर पर प्रोसेस किए गए कबाड़ टायर रबर के इस्तेमाल की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इससे बेकार पड़े रबर टायरों के बेहतर उपयोग का रास्ता भी साफ हुआ है। अध्ययन से उत्साहित सरकार ने ऐसी और सड़कों के निर्माण की योजना बनाई है।