19वीं सदी में लोग आने-जाने के लिए घोड़ागाड़ी, साइकिल या बैलगाड़ी का इस्तेमाल करते थे। इसी दौर में जर्मन इंजीनियर कार्ल बेंज ने बिना किसी जानवर के, अपने इंजन से चलने वाला वाहन बनाया। उनका जन्म 25 नवंबर 1844 को जर्मनी के कार्ल्सरुहे शहर में हुआ था। बचपन से तकनीक और इंजीनियरिंग में रुचि रखने वाले बेंज ने 15 साल की उम्र में कार्ल्सरुहे के पॉलिटेक्निक संस्थान में दाखिला लिया और 1864 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग इंजीनियरिंग कंपनियों में काम करके अनुभव हासिल किया।

अगस्त 1871 में उन्होंने अगस्त रिटर के साथ मिलकर अपनी पहली कार्यशाला स्थापित की, लेकिन कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं चला और आर्थिक स्थिति खराब होने लगी। इस मुश्किल समय में उनकी पत्नी बर्था बेंज ने शादी से पहले मिली अपनी विरासत की रकम पति के कारोबार को बचाने के लिए लगाई। कार्ल बेंज ऐसा इंजन बनाने में जुटे थे जिससे किसी वाहन को चलाया जा सके। 31 दिसंबर 1879 की रात उनका दो-स्ट्रोक गैस इंजन पहली बार सफलतापूर्वक चला। इसके बाद 1883 में उन्होंने कुछ कारोबारी सहयोगियों के साथ बेंज एंड कंपनी की स्थापना की।

कार्ल बेंज ने चार पहियों के बजाय तीन पहियों वाली मोटरकार तैयार करने पर ध्यान दिया। साल 1885 में बनी इस मोटरकार में एक सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन लगा था, जो 0.75 हॉर्सपावर पैदा करता था। इसमें दो लोगों के बैठने की जगह थी। बेंज ने स्टीयरिंग और इग्निशन जैसे जरूरी हिस्सों पर भी काम किया। 29 जनवरी 1886 को उन्होंने अपनी तीन पहियों वाली मोटरकार के लिए पेटेंट आवेदन किया और उन्हें 37435 नंबर का पेटेंट मिला, जो ऑटोमोबाइल के इतिहास में एक अहम पड़ाव बना।

शुरुआत में लोगों का इस मोटरकार पर भरोसा नहीं था। 5 अगस्त 1888 को बर्था बेंज ने अपने दो बेटों के साथ, कार्ल को बताए बिना, इस मोटरकार से 106 किलोमीटर की यात्रा की। रास्ते में ईंधन खत्म होने पर उन्होंने एक दवा की दुकान से लिग्रोइन खरीदा। इस सफर ने मोटरकार की लंबी दूरी तय करने की क्षमता दिखाई। 1894 में कार्ल बेंज ने वेलो नाम की हल्की और अपेक्षाकृत कम कीमत वाली कार का उत्पादन शुरू किया, जिसमें दो लोग बैठ सकते थे। 1894 से 1901 के बीच वेलो मॉडल की करीब 1,200 कारें बनाई गईं। साल 1926 में बेंज की कंपनी और गॉटलिब डेमलर की कंपनी का विलय होकर डेमलर-बेंज कंपनी बनी। कार्ल बेंज का निधन 4 अप्रैल 1929 को हुआ, लेकिन ऑटोमोबाइल इतिहास में उनके योगदान को अहम माना जाता है।