विश्व प्रसिद्ध रॉयल सोसाइटी की स्थापना 28 नवंबर 1660 को हुई थी। इसे वकीलों, व्यापारियों, डॉक्टरों, कुलीन परिवारों के लोगों और जमींदारों ने शुरू किया था, जिनकी प्रकृति, गणित और नई जानकारियों को समझने में रुचि थी। 1662 में राजा चार्ल्स द्वितीय से शाही चार्टर मिलने के बाद 1847 में इसके नियमों में बदलाव कर वैज्ञानिक शोध में योगदान को सदस्यता का मुख्य आधार बनाया गया।

संस्था के सचिव हेनरी ओल्डेनबर्ग ने 1665 में 'फिलॉसॉफिकल ट्रांजैक्शंस' नामक वैज्ञानिक पत्रिका दुनिया भर की खोजों और शोधपत्रों को साझा करने के उद्देश्य से शुरू की थी। यह पत्रिका 361 साल बाद भी लगातार प्रकाशित हो रही है, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। संस्था ने आइजैक न्यूटन की प्रसिद्ध किताब 'प्रिंसिपिया' सहित अन्य वैज्ञानिकों की किताबें भी प्रकाशित कीं और 1731 में दुनिया का सबसे पुराना वैज्ञानिक पुरस्कार कॉप्ली मेडल शुरू किया।

रॉयल सोसाइटी का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। 1686 में मछलियों पर आधारित महंगी किताब 'हिस्टोरिया पिसियम' की कम बिक्री से संस्था का खजाना खाली हो गया था, जिसके चलते न्यूटन की 'प्रिंसिपिया' का प्रकाशन अटक गया था। तब संस्था के क्लर्क एडमंड हैली ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर 1687 में इसे छपवाया और बदले में वेतन की जगह मछलियों वाली किताब की प्रतियां लीं। 1731 में सर गॉडफ्रे कॉप्ली के 100 पाउंड के दान से कॉप्ली मेडल शुरू हुआ, जिसके पहले विजेता स्टीफन ग्रे थे और बाद में डार्विन व आइंस्टीन को भी यह मिला। नवंबर 1919 में संस्था की बैठक में आर्थर एडिंगटन के नेतृत्व में हुए सूर्यग्रहण अध्ययन की घोषणा हुई, जिसने आइंस्टीन के सामान्य सापेक्षता सिद्धांत को प्रमाणित किया।

महिलाओं को संस्था में जगह मिलने में लंबा वक्त लगा। विवाहित महिलाओं की स्वतंत्र कानूनी पहचान को लेकर नियमों की बाधा के कारण 1902 में हर्था एर्टन का आवेदन खारिज हो गया था, लेकिन स्थापना के 285 साल बाद 1945 में कैथलीन लॉन्सडेल और मार्जरी स्टीफेंसन पहली महिला फेलो चुनी गईं।