तुर्किये के अंताल्या में संपन्न जलवायु सम्मेलन (सीओपी31) में वैश्विक जलवायु संकट से निपटने को लेकर कोई पुख्ता योजना नहीं बन सकी। सम्मेलन के अंतिम नतीजों में बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण और जलवायु अनुकूलन के लिए वित्त जुटाने का रोडमैप तैयार करने जैसे सकारात्मक संकेत मिले हैं, लेकिन सबसे अहम मुद्दों पर ठोस सहमति नहीं बन पाई। समझौते में कोयला, तेल और गैस जैसे फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं दिखी और न ही जलवायु आपदाओं का सामना कर रहे विकासशील देशों के लिए वित्तीय मदद की कोई निश्चित राशि व समयसीमा तय हुई। विशेषज्ञों ने इसे राजनीतिक इच्छाशक्ति और जवाबदेही की कमी का नतीजा करार दिया है।
सम्मेलन का सबसे केंद्रीय मुद्दा जलवायु वित्त रहा, जहां विकासशील देश विकसित देशों से मिलने वाली राशि, समय और शर्तों पर स्पष्ट जवाब चाहते थे। समझौते में पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 का जिक्र करते हुए विकसित देशों की वित्तीय जिम्मेदारी दोहराई गई है और अनुकूलन वित्त का रोडमैप भी शामिल है, लेकिन कोई तय रकम घोषित नहीं की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, अनुकूलन वित्त को तीन गुना करने का आधार और इसे लागू करने की प्रक्रिया नवंबर 2027 तक तय करने की बात कही गई है, जबकि समझौते में खुद माना गया है कि 2035 तक विकासशील देशों को सालाना करीब 305 अरब डॉलर की आवश्यकता होगी। आईईईएफए की दक्षिण एशिया निदेशक विभूति गर्ग का मानना है कि आपदाओं का सामना कर रहे समुदायों को अभी भरोसेमंद और आसान शर्तों पर अनुदान के रूप में मदद चाहिए, क्योंकि केवल रोडमैप से पैसे की गारंटी नहीं मिलती। कम विकसित देशों के नेपाली वार्ताकार राजूपंडित छेत्री ने भी इस परिणाम को निराशाजनक बताया और कहा कि सबसे अधिक प्रभावित देशों ने 2035 तक अनुकूलन वित्त को सालाना 120 अरब डॉलर करने की मांग रखी थी, जिसे समझौते में कोई जगह नहीं मिली।
सम्मेलन की सबसे बड़ी विफलताओं में फॉसिल फ्यूल से दूरी बनाने को लेकर किसी ठोस फैसले का न होना शामिल है। क्लाइमेट ट्रेंड्स की निदेशक आरती खोसला के मुताबिक, रविवार तक खिंची लंबी बातचीत के बावजूद देश इस दिशा में सहमत नहीं हो सके और समझौते में फॉसिल फ्यूल शब्द का स्पष्ट उल्लेख तक नहीं है। वहीं, 'फिल द फंड' अभियान के ग्लोबल कन्वीनर हरजीत सिंह ने कहा कि COP28 में इस दिशा में बनी सहमति का जिक्र महज प्रस्तावना तक सिमट कर रह गया है। उनके अनुसार, विकसित देश स्वयं फॉसिल फ्यूल का उत्पादन और उपयोग जारी रखते हुए गरीब देशों से कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
तमाम निराशाओं के बीच ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कुछ प्रावधानों को विशेषज्ञों ने सकारात्मक कदम माना है। समझौते में 2035 तक अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक पहुंचाने, बिजली ग्रिड को आधुनिक बनाने और ट्रांसमिशन व वितरण नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत को स्वीकार किया गया है। पेरिस COP में भारत के मुख्य वार्ताकार रहे डॉ. अजय माथुर और सीएसई की अवंतिका गोस्वामी ने इसे ऊर्जा बदलाव के अगले चरण के लिए सही दिशा बताया है। विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि बिजली की खपत बढ़ाने का लक्ष्य तभी पर्यावरण के लिए लाभकारी होगा, जब इसे नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार से जोड़ा जाए। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की विजिटिंग सीनियर फेलो लाबन्या जेना के अनुसार, समझौते में यह स्वीकार किया गया है कि देशों की मौजूदा राष्ट्रीय योजनाओं के आधार पर वैश्विक तापमान वृद्धि करीब 2.6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकती है, जो पेरिस समझौते के लक्ष्यों के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।
