प्रयागराज में साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी गिरोह से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये लोग बेरोजगार युवकों और जरूरतमंदों को सरकारी योजना का लाभ, नौकरी और जल्द पैसा कमाने का लालच देकर उनके नाम पर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद ये खाते चीन के साइबर क्राइम गैंग को मुहैया कराए जाते थे, जबकि चेकबुक, एटीएम कार्ड, पासबुक और पासवर्ड गिरोह के पास ही रहते थे। इन्हीं म्यूल खातों के जरिए ऑनलाइन ठगी की रकम ठिकाने लगाई जाती थी और खाता उपलब्ध कराने वालों को कमीशन दिया जाता था।
डीसीपी सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा ने सोमवार शाम पुलिस लाइन सभागार में गिरफ्तार आरोपितों को मीडिया के सामने पेश किया। अधिकारियों के मुताबिक कुछ दिन पहले जानकारी मिली थी कि मीरगंज निवासी सनी सिंह साइबर क्राइम गिरोह के लिए काम कर रहा है और सहयोगियों के साथ लोगों के नाम पर म्यूल खाते खुलवाकर उन्हें टेलीग्राम एप के जरिए दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाता है। इसी आधार पर जांच कर रही टीम ने सनी सिंह समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें चार को शनिवार को और बाकी दो को सोमवार को जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में महेश पाल, सौरभ सिंह पटेल, सनी सिंह, अमन रस्तोगी, प्रांजल रस्तोगी और विवेक जायसवाल शामिल हैं। महेश पाल और सौरभ सिंह के नाम से तीन खाते खोले गए थे, जबकि कई अन्य लोगों के नाम पर कुल 12 म्यूल खाते खुलवाए गए। पुलिस के मुताबिक इन खातों का इस्तेमाल 56.04 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में किया गया और देशभर में इन खातों के खिलाफ 52 शिकायतें दर्ज हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपित गांव के भोले-भाले लोगों को सरकारी योजना या नौकरी का झांसा देकर और पैसा कमाने का लालच देकर उनके नाम से करेंट या सेविंग खाता खुलवाते थे। इसके बाद चेकबुक, एटीएम और इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड लेकर ओटीपी फारवर्डर एप उसी मोबाइल नंबर पर इंस्टॉल करते थे जो बैंक में रजिस्टर्ड था, जिससे ट्रांजेक्शन के दौरान आने वाली ओटीपी सीधे विदेशों में बैठे साइबर ठगों तक पहुंचती थी। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी इन खातों का इस्तेमाल एपीके फाइल फ्रॉड, लोन फ्रॉड और इनवेस्टमेंट फ्रॉड में करते थे और क्रिप्टो करेंसी के जरिए भारत में बैठे एजेंट को कमीशन देते थे। गिरफ्तार आरोपितों को 40 हजार यूएसडीटी कमीशन मिला था। पूछताछ और मोबाइल डाटा के विश्लेषण के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
