सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को पाकिस्तानी हैंडलरों की ओर से की जा रही साइबर जासूसी की कोशिश पकड़ी है। अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स ने सेना, अर्धसैनिक बलों और डिफेंस-सिविलियन अधिकारियों के करीब 13-14 निजी व्हाट्सएप ग्रुप में घुसपैठ की। एजेंसियों ने इसे संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी कर रहे अधिकारियों के खिलाफ लक्षित साइबर जासूसी अभियान बताया है।
इसके बाद इन ग्रुप और दूसरे सोशल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म का ऑडिट कराने और उन्हें साफ करने के आदेश दिए गए हैं, यानी अनजान सदस्यों को हटाने को कहा गया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई आधिकारिक या गोपनीय जानकारी और डेटा साझा न किया जाए।
अधिकारियों के अनुसार, इन जासूसों ने किसी नकली या हैक किए गए भारतीय मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया और ग्रुप में ‘साइलेंट मेंबर्स’ की तरह जुड़े रहे। वे ग्रुप में होने वाली बातचीत और साझा किए जा रहे दस्तावेजों पर नजर रखते थे। पहचाने गए ग्रुप के अलावा एक सामान्य एडवाइजरी भी जारी की गई है।
पिछले दिनों अधिकारियों ने बताया था कि एजेंसियों ने एक पीआईओ को पकड़ा था, जो डिफेंस-सिविलियन अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में डीआरडीओ की वैज्ञानिक ‘सोनिया’ बनकर शामिल हुआ था। आशंका है कि इस ग्रुप में कुछ संवेदनशील जानकारी पैसे के बदले साझा की गई थी।
