करनाल के मिरगैन गांव में मंगलवार अलसुबह करीब चार बजे 45 वर्षीय किरण की मौत हो गई। उनका शव गांव के बाहर लहुलूहान हालत में मिला। किरण के बेटे संदीप ने आरोप लगाया है कि आवारा कुत्तों ने उनकी मां को नोचकर मार डाला। परिजनों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंतिम संस्कार कर दिया।
संदीप ने बताया कि वे गांव में दो भाई हैं और माता-पिता के साथ रहते हैं। परिवार के सभी सदस्य मजदूरी करते हैं। मंगलवार सुबह उनकी मां किरण को घबराहट होने लगी, जिसके बाद वह करीब चार बजे घूमने के लिए घर से निकली थीं। गांव के बाहर उन पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। संदीप के मुताबिक, गांव का ही एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और मां का लहुलूहान शव पड़ा होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर मां मृत अवस्था में पड़ी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुत्तों ने उनकी मां की जान ले ली।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी गांव में कई लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। दो दिन पहले भी एक व्यक्ति को कुत्तों ने काट लिया था।
थाना सदर प्रभारी तरसेम कांबोज ने बताया कि जब वह गांव मिरगैन में पहुंचे, तब तक स्वजन महिला का अंतिम संस्कार कर चुके थे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष तीन फरवरी को घरौंडा क्षेत्र के शेखपुरा खालसा गांव में 10 वर्षीय बच्चा पतंग उड़ाते समय कटी पतंग लेने खेतों की तरफ गया था, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
