अंबेडकरनगर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने सरयू नदी और सरोवरों में स्नान कर पूजन-अर्चन किया। महरुआ के मंशापुर कुटी स्थित सरोवर पर सर्दी के बावजूद सुबह छह बजे से श्रद्धालु जुटने लगे। स्नान के बाद उन्होंने भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
टांडा और आलापुर क्षेत्र में सरयू नदी के तटों पर सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। टांडा के हनुमानगढ़ी घाट, राजघाट और महादेवा घाट पर मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य दिया और तट के मंदिरों में पूजन किया। महिलाओं ने घाट पर हलवा-पूड़ी बनाकर परंपरा के अनुसार मां सरयू को कढ़ाई चढ़ाई।
मंशापुर कुटी पर दो दिवसीय अंतरजनपदीय कार्तिक मेले का शुभारंभ हुआ, जहां धार्मिक अनुष्ठान के साथ मुंडन संस्कार भी कराया गया। महिलाओं ने कड़ाही चढ़ाई और महंत सुखराम दास की अगुवाई में साधु-संत भजन-कीर्तन करते रहे।
घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने भी घाट का निरीक्षण किया।
