कार्तिक पूर्णिमा मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने मुजफ्फरपुर और सोनपुर के बीच चार जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 24 और 25 नवंबर के लिए की गई है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार, यह इंतजाम श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को रात में भी आवागमन की सुविधा मिलेगी।

गाड़ी संख्या 05202 सोनपुर-मुजफ्फरपुर मेला स्पेशल 24 और 25 नवंबर को सोनपुर से रात एक बजे खुलेगी और हाजीपुर, घोसवर, सराय, बिठौली, भगवानपुर, बेनीपट्टी, गोरौल, कुढ़नी, तुर्की और रामदयालुनगर में रुकते हुए रात 2:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05201 मुजफ्फरपुर से रात तीन बजे खुलकर इन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 4:40 बजे सोनपुर पहुंचेगी। इसी तरह 05203 और 05204 सोनपुर-छपरा-सोनपुर मेला स्पेशल दोनों दिन सोनपुर से रात 12:15 बजे खुलकर सुबह 2:30 बजे छपरा पहुंचेगी और वापसी में छपरा से सुबह 3:45 बजे खुलकर 6:38 बजे सोनपुर पहुंचेगी।

सोनपुर और पाटलिपुत्र के बीच दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 05205 सोनपुर से रात 12:10 बजे खुलकर 12:50 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी, जबकि 05206 पाटलिपुत्र से रात 1:05 बजे खुलेगी। दूसरी जोड़ी में गाड़ी संख्या 05207 सोनपुर से रात 2:05 बजे और 05208 पाटलिपुत्र से रात 3:05 बजे खुलेगी।

मेला अवधि में मुजफ्फरपुर-सोनपुर रेलखंड पर 23 और 24 नवंबर को जोगबनी-दानापुर, जयनगर-आरा, बरौनी-ग्वालियर, बरौनी-लखनऊ, सीतामढ़ी-आनंद विहार, दरभंगा-पाटलिपुत्र, मोतिहारी-पाटलिपुत्र, मौर्य एक्सप्रेस और जयनगर-पटना एक्सप्रेस का एक-एक मिनट का अस्थायी ठहराव निर्धारित किया गया है। सोनपुर से मुजफ्फरपुर की ओर आने वाली दानापुर-जोगबनी, आरा-जयनगर, ग्वालियर-बरौनी, नई दिल्ली-बरौनी क्लोन, गोरखपुर-संबलपुर मौर्य, अमृतसर-कटिहार और आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी सहित अन्य ट्रेनों को भी 24 और 25 नवंबर को विभिन्न स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। छपरा-सोनपुर और सोनपुर-बछवारा रेलखंड पर भी कई एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था से छोटे स्टेशनों के आसपास रहने वाले श्रद्धालुओं को मेला आने-जाने में सुविधा होगी। यात्रा से पहले यात्री संबंधित ट्रेन का समय और ठहराव रेलवे की आधिकारिक सूचना से अवश्य जांच लें।