मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के 18 साल बाद भी अजमल कसाब के दो वकीलों को फीस नहीं मिली है। अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में बॉम्बे हाईकोर्ट में नौ महीने तक कसाब की पैरवी की थी। दोनों को महाराष्ट्र सरकार ने कसाब की मौत की सजा के खिलाफ अपील के लिए नियुक्त किया था। हाईकोर्ट की कार्यवाही खत्म हुए 15 साल से ज्यादा हो चुके हैं।
दोनों वकीलों का कहना है कि महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (MSLSA) अब भी उनसे तारीखों और काम के घंटों का ब्योरा मांग रही है। वकीलों ने इतने साल बाद इस मांग को अनुचित बताया है। उनका कहना है कि एक दशक से ज्यादा समय बाद कोई भी रोजाना अदालत में बिताए गए घंटों का इतना बारीक रिकॉर्ड नहीं रख सकता।
सोलकर ने कहा कि उन्होंने MSLSA को बार-बार पत्र लिखे, लेकिन कोई सकारात्मक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति-पत्र में फीस का पैमाना अभियोजन पक्ष की फीस से जोड़ा गया था। शाह ने कहा कि सरकार की अधिसूचना और तत्कालीन हाईकोर्ट चीफ जस्टिस के आदेश में फीस का ढांचा साफ बताया गया था।
MSLSA के एक अधिकारी ने कहा कि तय प्रक्रिया के तहत वकीलों को फीस जारी कराने के लिए औपचारिक बिल और मेमो जमा करने होते हैं। वहीं, ट्रायल लड़ने वाले वकील अब्बास काजी ने बताया कि उनका बकाया समय पर चुका दिया गया था। कसाब को 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी।
