मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब की ओर से बॉम्बे हाईकोर्ट में पैरवी करने वाले दो वकीलों को कथित तौर पर अब तक पैरवी की फीस नहीं मिली है। अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में करीब नौ महीने तक कसाब का बचाव किया था। महाराष्ट्र सरकार ने दोनों को पैरवी के लिए नियुक्त किया था और महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (MSLSA) ने 8 जून 2010 को अधिसूचना जारी कर उनकी नियुक्ति की थी। अधिकारियों के मुताबिक, फीस 1,500 से 2,000 रुपए प्रतिदिन के बीच तय की गई थी, हालांकि कुल बकाया रकम का पता नहीं चल पाया है।
सोलकर का कहना है कि उन्होंने भुगतान के लिए MSLSA को कई बार पत्र लिखे, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। दोनों वकीलों के मुताबिक, फीस का मामला उठाने पर अथॉरिटी उनसे अदालत में पेश होने की हर तारीख और बिताए गए घंटों का विस्तृत ब्योरा मांगती है। वकीलों ने एक दशक से ज्यादा समय बाद इतना बारीक रिकॉर्ड जुटाना मुश्किल बताया है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 के मुंबई हमले में छह अमेरिकी नागरिकों समेत कुल 166 लोग मारे गए थे। हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने शहर के प्रमुख ठिकानों पर 60 घंटे से ज्यादा समय तक कब्जा जमाए रखा था। कमांडो कार्रवाई में नौ आतंकी मारे गए जबकि कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था।
कसाब को 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी।
