वाराणसी में मंगलवार को देव दीपावली मनाई जाएगी। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर 21 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे, जिनमें 11 लाख दीये शासन की ओर से और 10 लाख दीये विभिन्न समितियों तथा काशीवासियों की ओर से प्रज्वलित किए जाएंगे। इस दिव्य दृश्य को देखने के लिए देश-दुनिया से करीब 15 लाख श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की उम्मीद है। शाम सवा पांच से पौने छह बजे के बीच घाटों से लेकर गंगा पार के रेतीले तट तक दीये एक साथ जलेंगे।

शाम छह से सात बजे तक 51 घाटों पर गंगा आरती और दशाश्वमेध घाट पर महाआरती होगी। इसके बाद शाम 7:20 से 7:45 बजे तक चेतसिंह किले की प्राचीर पर 25 मिनट की विशेष प्रस्तुति होगी, जिसमें 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो शामिल है। इसके जरिए संवाद और संगीत के साथ काशी, भगवान शिव और मां गंगा की गाथा प्रस्तुत की जाएगी।

रात 8 से 8:10 बजे तक चेतसिंह घाट के सामने रेतीले तट के ऊपर 2,100 'मेड इन इंडिया' ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे। इस ड्रोन शो में आसमान में भगवान शिव, माहेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव, काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां बनाई जाएंगी। रात 8:30 से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने रेती में हरित हवाई आतिशबाजी होगी।

नमो घाट पर देव दीपावली को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वह प्रयागराज से सड़क मार्ग से दोपहर एक बजे के करीब वाराणसी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात तथा स्थानीय मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल और हंसराज विश्वकर्मा आदि भी उपस्थित रहेंगे।